गीत

By shaukat-pardesiJanuary 4, 2024
अण्डा मक्खन और हलवा
बिस्कुट टॉफ़ी और ज़र्दा
सब को मन का मीत लिखा
मैं ने भी क्या गीत लिखा


छुट्टी साथी वंडरफुल
गेंद कब्बडी शोर-ओ-ग़ुल
उन सब को संगीत लिखा
मैं ने भी क्या गीत लिखा


मकतब टीचर और किताब
वो अलजेब्रा हो कि हिसाब
सब को पुरानी रीत लिखा
मैं ने भी क्या गीत लिखा


जब भी की पढ़ने में भूल
ठोकम ठाक हुई माक़ूल
उस को सच्ची प्रीत लिखा
मैं ने भी क्या गीत लिखा


जब न मिला कोई इनआ'म
हो गया सारा खेल तमाम
अपनी हार को जीत लिखा
मैं ने भी क्या गीत लिखा


68386 viewsgeetHindi