पालन-हार

By naseem-amrohviJanuary 4, 2024
तू ही पालन-हार है सब का तू ही पालन-हार
ऐ ख़ालिक़ कर्तार
तू ने सब संसार बनाया
अपना अनोखा रूप दिखाया


तू ने जड़े आकाश में तारे
धरती को फूलों से सजाया
ख़ाक बनी गुलज़ार
तू ही पालन-हार है सब का तू ही पालन-हार


ऐ ख़ालिक़ कर्तार
तेरी हर दम शान है न्यारी
रहमत की है गंगा जारी
सब की तुझ से आस लगी है


तेरे दर के सब हैं भिकारी
तेरा सब संसार
तू ही पालन-हार है सब का तू ही पालन-हार
ऐ ख़ालिक़ कर्तार


ये मस्जिद ये मठ ये शिवाले
राम भगत और अल्लाह वाले
हिन्दू मुस्लिम सिख ईसाई
छोटे बड़े और गोरे काले


सब पर तेरा प्यार
तू ही पालन-हार है सब का तू ही पालन-हार
ऐ ख़ालिक़ कर्तार
तू ही मारे तू ही जिलाए


सब के बिगड़े काम बनाए
बिफरे हुए तूफ़ान के अंदर
डूबती नय्या तू ही तिराए
सब का बेड़ा पार


तू ही पालन-हार है सब का तू ही पालन-हार
ऐ ख़ालिक़ कर्तार
मौला भी भगवान भी तू है
राम भी तू रहमान भी तू है


जान भी तेरी दिल भी तेरा
हर दिल का अरमान भी तू है
तो है सब का यार
तू ही पालन-हार है सब का तू ही पालन-हार


ऐ ख़ालिक़ कर्तार
67110 viewsgeetHindi