बिला मतलब कोई आता नहीं था

By fahmi-badayuniFebruary 5, 2024
बिला मतलब कोई आता नहीं था
हमारे घर में दरवाज़ा नहीं था
मिरे तालाब से गहरा नहीं था
वो कुछ भी था मगर दरिया नहीं था


समुंदर इस लिए बरहम था मुझ से
मैं सहरा था मगर प्यासा नहीं था
मुकम्मल जब हुई तस्वीर मेरी
तो कोई देखने वाला नहीं था


जो काँटों पर किताबें लिख रहे थे
कोई उन में बरहना-पा नहीं था
सदारत और निज़ामत के 'अलावा
मिरी महफ़िल में कुछ होता नहीं था


लकीरें रोज़ गिनवाती हैं मुझ से
मिरी तक़दीर में क्या क्या नहीं था
69601 viewsghazalHindi