बीती रुतों का एल्बम ले कर बैठ गए

By wasim-nadirJanuary 5, 2024
बीती रुतों का एल्बम ले कर बैठ गए
हम आँधी में रेशम ले कर बैठ गए
दिल की बातें दुनिया को समझाओगे
तुम भी धूप में शबनम ले कर बैठ गए


तन्हाई की प्यास ने जब बेचैन किया
हम यादों का ज़मज़म ले कर बैठ गए
हम भी क्या नादान थे दिल बहलाने को
एक फ़साना मुबहम ले कर बैठ गए


हर चेहरे पर ज़र्दी छाई रहती है
आँखों को ये मौसम ले कर बैठ गए
10127 viewsghazalHindi