चलते हुए जो देखे डंडे तिरी गली में

By betakalluf-shaajapuriJanuary 20, 2024
चलते हुए जो देखे डंडे तिरी गली में
सब पड़ गए हैं आ कर ठंडे तिरी गली में
तेरा दर-ए-मोहब्बत क्या बन गया है तीरथ
मुल्ला तिरी गली में पंडे तिरी गली में


एक रात देख लेना ए'लान-ए-जंग होगा
गाड़े हैं आशिक़ों ने झंडे तिरी गली में
तेवर बता रहे हैं कुछ दिन से आशिक़ों के
दंगल ज़रूर होगा वन डे तिरी गली में


अरमान-ओ-आरज़ू की होली भी अब जलेगी
ला कर तो रख दिए हैं कंडे तिरी गली में
तुझ को नहीं ख़बर जब तफ़तीश की पुलिस ने
एक रेल भर के निकले गुंडे तिरी गली में


पहरा लगा हुआ है छे साल से पुलिस का
किस चीज़ के गड़े हैं हण्डे तिरी गली में
मेला लगा हुआ है बीमार आशिक़ों का
दिन रात हो रहे हैं गंडे तिरी गली में


हर चीज़ मेरे घर की आशिक़ हुई है तुझ पर
देती है मेरी मुर्ग़ी अंडे तिरी गली में
लगता नहीं है जी अब जानाँ किसी गली में
संडे तिरी गली में मंडे तिरी गली में


बारातियों में ले कर पंद्रह हज़ार शाइ'र
आएगा 'बे-तकल्लुफ़' वन डे तिरी गली में
94858 viewsghazalHindi