दिल बहुत हैरान है क्यों उन से पाले पड़ गए

By shyam-vashishtha-shahidJanuary 5, 2024
दिल बहुत हैरान है क्यों उन से पाले पड़ गए
ख़्वाब जिन के देख कर आँखों में जाले पड़ गए
देखिए क़ुदरत हुई है यूँ मोहब्बत के ख़िलाफ़
चाँद को चूमा तो मेरे होंठ काले पड़ गए


पेट की इस आग ने दफ़ना दिया सब का ज़मीर
सामने जब रोटियों के दो निवाले पड़ गए
रास्ते अंधी तरक़्क़ी के बहुत महँगे पड़े
देखिए तहज़ीब के पैरों में छाले पड़ गए


मेरे हक़ में बोलना था वो भी सच और सिर्फ़ सच
इस लिए सब की ज़बाँ पे आज ताले पड़ गए
38287 viewsghazalHindi