दिल में रह जाते हैं सब लोग भुलाने वाले

By asima-farazJanuary 2, 2024
दिल में रह जाते हैं सब लोग भुलाने वाले
हम हैं हर हाल में रिश्तों को निभाने वाले
क्या कोई रंग है जो मुझ को मुकम्मल कर दे
मेरी तस्वीर को रंगों से सजाने वाले


हम ने ता-'उम्र तुझे मन में बसाए रक्खा
रंज तो और भी थे दिल से लगाने वाले
ऐसा लगता था मुझे खो के बदल जाएगा
आज भी उस के हैं अंदाज़ पुराने वाले


मेरी पहचान तो दुनिया में थी तुझ से लेकिन
अब नए ढंग से जानेंगे ज़माने वाले
मुझ को जाना है किसी और ही मंज़िल की तरफ़
अब मुझे याद न कर छोड़ के जाने वाले


मैं ने इस वास्ते इस आग को बुझने न दिया
मेरे अपने थे मुझे ज़िंदा जलाने वाले
96649 viewsghazalHindi