ग़म की दौलत का क्या करूँगा मैं

By surender-sagarJanuary 5, 2024
ग़म की दौलत का क्या करूँगा मैं
इतनी रहमत का क्या करूँगा मैं
तुम मिरी आदतों में शामिल हो
इस बुरी लत का क्या करूँगा मैं


उस का मुँह फेर लेना काफ़ी है
अब इजाज़त का क्या करूँगा मैं
कोई मुंसिफ़ नहीं मिरे हक़ में
इस 'अदालत का क्या करूँगा मैं


उस की यादों की क़ैद अच्छी है
अब ज़मानत का क्या करूँगा मैं
रोज़ मिलती हो जो बिछड़ने को
इस मोहब्बत का क्या करूँगा मैं


हाल दिल का बयाँ न कर पाऊँ
ऐसी ग़ैरत का क्या करूँगा मैं
इक मुसीबत है 'इश्क़ भी 'सागर'
और आफ़त का क्या करूँगा मैं


88843 viewsghazalHindi