कैसे कह दूँ कहीं ए'लान नहीं करता है

By aalam-nizamiJanuary 18, 2024
कैसे कह दूँ कहीं ए'लान नहीं करता है
वो भी ख़ामोशी से एहसान नहीं करता है
दिल को तहरीक-ए-तरक़्क़ी तो बहुत मिलती है
हौसला फिर भी ये नादान नहीं करता है


आप के नाम से मंसूब हुए हैं जब से
अब हमें कोई परेशान नहीं करता है
काम करता है बहुत ग़ैर-ज़रूरी लेकिन
जो ज़रूरी है वो इंसान नहीं करता है


है ये मुमकिन हो वही शख़्स मुनाफ़िक़ 'आलम'
जो बज़ाहिर कोई नुक़्सान नहीं करता है
14976 viewsghazalHindi