कमी अल्फ़ाज़ की पूरी करेगी

By ananth-faaniJanuary 2, 2024
कमी अल्फ़ाज़ की पूरी करेगी
कि बात अब ख़ामुशी पूरी करेगी
कहानी में हक़ीक़त कम पड़ी है
तो इस को सनसनी पूरी करेगी


उदासी में कमी जो रह गई है
उसे तेरी कमी पूरी करेगी
समंदर की है क्या क्या ख़्वाहिशें और
उन्हें कब तक नदी पूरी करेगी


मिली क्या आप को वो चीज़ 'फ़ानी'
ग़ज़ल जो आप की पूरी करेगी
62023 viewsghazalHindi