लड़कपन में किसी की 'आशिक़ी अच्छी नहीं होती

By devesh-dixitFebruary 5, 2024
लड़कपन में किसी की 'आशिक़ी अच्छी नहीं होती
जुनून-ए-शौक़ में ये ख़ुद-कुशी अच्छी नहीं होती
कोई हसरत कोई अरमाँ कोई चाहत कभी ख़्वाहिश
कभी होती है अच्छी और कभी अच्छी नहीं होती


चलो मिल बैठ कर शिकवा-शिकायत दूर कर डालें
कभी हर वक़्त की नाराज़गी अच्छी नहीं होती
बुलंदी के नशे में लोग अंधे हो ही जाते हैं
ज़रूरत से ज़ियादा रौशनी अच्छी नहीं होती


त'अल्लुक़ में गिले शिकवे यक़ीनन हो भी सकते हैं
मगर हर वक़्त की ये बे-रुख़ी अच्छी नहीं होती
48793 viewsghazalHindi