मैं ने जिस को भुलाया हुआ है

By abdurrahman-mominJanuary 18, 2024
मैं ने जिस को भुलाया हुआ है
वो मुझे याद आया हुआ है
ये सितारे कहाँ जा रहे हैं
आसमाँ सटपटाया हुआ है


ऐसे हैरत से मत देख दिल को
दिल ने ये ग़म भी खाया हुआ है
मुझ से पूछो वो क्यों मुज़्तरिब है
उस ने मुझ को बताया हुआ है


जो ये कहता है सब बन गया ख़ुद
उस ने ख़ुद को बनाया हुआ है
तू मुझे ढूँडता ही रहेगा
तू ने ख़ुद को छुपाया हुआ है


बिक गई है वो तस्वीर 'मोमिन'
जिस में तू मुस्कुराया हुआ है
44440 viewsghazalHindi