पहले पहले बुलाया गया डाकिया

By ikram-arfiJanuary 3, 2024
पहले पहले बुलाया गया डाकिया
फिर कई बार आया गया डाकिया
कच्चे रस्तों से निकला तो ख़त गिर पड़े
एक पत्थर से टकरा गया डाकिया


लोग दीवार-ओ-दर से लिपटने लगे
एक दिन गाँव में आ गया डाकिया
कच्चे घर की पहुँच से बहुत दूर था
बाद-ओ-बाराँ से घबरा गया डाकिया


दिल पे दस्तक सुनाई न दी फिर कभी
आँख से दूर होता गया डाकिया
हाथ मलती रही ख़्वाहिश-ए-ख़्वांदगी
जो बताया वो लिखता गया डाकिया


आख़िरी ख़त लिए आख़िरी मोड़ पर
आख़िरी बार देखा गया डाकिया
39558 viewsghazalHindi