क़फ़स से दूर जाना चाहते हैं

By sonia-aks-sonamJanuary 5, 2024
क़फ़स से दूर जाना चाहते हैं
परिंदे आशियाना चाहते हैं
गुज़ारें ज़िंदगी कब तक अकेले
तिरे पहलू में आना चाहते हैं


घनी है धूप सर पर मुश्किलों की
सुकूँ का शामियाना चाहते हैं
ख़ुशा क़िस्मत हमें वो चाहता है
जिसे अहल-ए-ज़माना चाहते हैं


तुम्हारा तज़्किरा सुन सुन के मुझ से
सितारे मुस्कुराना चाहते हैं
तुम्हारे नाम की इक धुन बना कर
हमेशा गुनगुनाना चाहते हैं


ये कूज़ा-गर मिरी मिट्टी से 'सोनम'
न जाने क्या बनाना चाहते हैं
78085 viewsghazalHindi