सुकूत-ए-‘इश्क़ में डूबा हुआ वो इक लड़का

By wasim-nadirJanuary 5, 2024
सुकूत-ए-‘इश्क़ में डूबा हुआ वो इक लड़का
चराग़-ए-हिज्र जलाता हुआ वो इक लड़का
पता करो उसे सहरा में कौन ले आया
हर इक बात पे हँसता हुआ वो इक लड़का


ज़रूरतों के तक़ाज़ों में टूटता बनता
बहुत क़रीब से देखा हुआ वो इक लड़का
न जाने कौन सी दुनिया में खो गया आख़िर
तिरी गली से गुज़रता हुआ वो इक लड़का


मोहब्बतों के हसीं ख़्वाब ले के आँखों में
‘बशीर-बद्र' को पढ़ता हुआ वो इक लड़का
क़लम लबों में दबाए हुए वो इक लड़की
उसी का 'अक्स बनाता हुआ वो इक लड़का


तलाश कीजिए 'नादिर' पुराने एल्बम में
किसी की चाह में भटका हुआ वो इक लड़का
24148 viewsghazalHindi