तपिश क्यों बढ़ रही है रास्तों की

By chand-kakralviJanuary 19, 2024
तपिश क्यों बढ़ रही है रास्तों की
क़ज़ा आने को है क्या आबलों की
हमारे हाथ हीरा हो गए हैं
घिसाई करते करते पत्थरों की


हवा के साथ चलना पड़ रहा है
बड़ी मजबूरियाँ हैं बादलों की
जहाँ तक साथ ले जाएँ हवाएँ
वहीं तक ज़िंदगी है ख़ुशबुओं की


यक़ीनन फूल कोई खिल गया है
नहीं तो भीड़ क्यों है तितलियों की
उसी के सामने रोऊँगा जा कर
जो क़ीमत जानता है आँसुओं की


हटा कर 'चाँद' ने चेहरे से पर्दा
ज़बानें काट दीं तारीकियों की
64450 viewsghazalHindi