किताब

By nihal-tabanJanuary 4, 2024
किताब खोलिए पढ़िए कुछ आगही के लिए
कि आज इल्म ज़रूरी है ज़िंदगी के लिए
इसी सफ़ीर ने आलम को आगही दी है
इसी चराग़ ने दुनिया को रौशनी दी है


इसी चमन में कई फूल मुस्कुराते हैं
नदी तो क्या है समुंदर भी डूब जाते हैं
अज़ल से इस की मोहब्बत से आश्नाई है
ये भीगती हुई पलकें निचोड़ लाई है


इसी की ओट में छुप-छुप के हीर रोती है
इसी की छाँव में पागल प्रीत सोती है
इस अंजुमन में हलाकू के होंट सिलते हैं
अदब से बैठे हुए बादशाह मिलते हैं


इस आइने को तमद्दुन की आबरू कह लो
या एक शहर जिसे शहर-ए-आरज़ू कह लो
ये सारे रम्ज़ के पर्दे उठाने लगती है
ये दिल की बात हर इक को सुनाने लगती है


इसी की आँख से आँखें दिखाई देती हैं
इसी मक़ाम से राहें दिखाई देती हैं
लिपट के ऊँघने लगती है माह-पारों से
ये जा के ठोकरें खाती है शीर-ख़्वारों से


ख़ुदा की ज़ात ने शोहरत इसी से पाई है
ये इस ज़मीं पे पयम्बर के साथ आई है
41573 viewsnazmHindi